7 फरवरी को जगदलपुर में ‘बस्तर पंडुम 2026’ महोत्सव का उद्घाटन करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू


रायपुर - भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 7 फरवरी 2026 को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर आएंगी।
अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित ‘बस्तर पंडुम 2026’ महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। इस अवसर पर वे जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति महोत्सव स्थल पर बस्तर पंडुम के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण करेंगी। वे बस्तर की पारंपरिक हस्तशिल्प, जनजातीय कलाओं, लोकवेशभूषा एवं स्थानीय उत्पादों का अवलोकन करेंगी तथा कलाकारों और शिल्पकारों से संवाद करेंगी। इस दौरान विशिष्ट अतिथियों के साथ भेंट एवं समूह छायाचित्रण का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इसके पश्चात राष्ट्रपति मुख्य समारोह में भाग लेंगी, जहाँ छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित ‘बस्तर पंडुम 2026’ महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान से होगी तथा दीप प्रज्वलन के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री द्वारा स्वागत भाषण दिया जाएगा। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का सम्मान किया जाएगा तथा बस्तर पंडुम पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा।
समारोह के दौरान बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति पर आधारित पारंपरिक आदिवासी नृत्य, लोकगीत एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री तथा राज्यपाल संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगी।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात राष्ट्रपति जगदलपुर से रायपुर होते हुए नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post