अम्बिकापुर - पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल की बदहाली पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को उचित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं और व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। उन्होंने बताया कि एक वायरल वीडियो में एक मरीज को ऑक्सीजन लगा होने के बावजूद स्ट्रेचर पर सड़क पार कराते हुए देखा गया है। इस वीडियो ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टीएस सिंहदेव के प्रयास से स्वीकृत ओवरब्रिज का निर्माण नहीं हो पाया है, जिससे मरीजों और स्टाफ को दोनों भवनों के बीच आने-जाने में परेशानी हो रही है।
श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने अस्पताल प्रबंधन पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि रेडियोलॉजी और सोनोलॉजी विभाग में लंबा इंतजार, रीजेंट केमिकल की कमी से लैब अक्सर ठप, छत से पानी टपकना और शार्ट सर्किट जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने राज्य शासन से ओवरब्रिज का कार्य तत्काल शुरू कराने और अस्पताल प्रबंधन से व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार से मरीजों को काफी राहत मिल सकती है।
Tags
national