वक्फ संशोधन मुस्लिमों के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा – भाजपा
रायपुर - भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में वक्फ बिल जनजागरण अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य 1 से 10 मई तक चलने वाले अभियान की रणनीति तय करना था, जिसके तहत भाजपा मुस्लिम समाज के बीच जाकर वक्फ संशोधन बिल के लाभ बताएगी।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. श्री राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि वक्फ संशोधन मुस्लिम समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदिवासी भूमि को वक्फ घोषित नहीं किया जा सकता और वक्फ की संपत्ति का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि वक्फ की संपत्तियों से वास्तविक आमदनी न होकर केवल रसूखदारों को लाभ मिल रहा है, जबकि गरीब मुस्लिम वंचित हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने वक्फ बोर्ड को तानाशाही शक्तियां दीं, जिससे मंदिरों और सरकारी जमीन पर भी दावे किए गए। उन्होंने कहा कि संशोधन के माध्यम से पसमांदा मुस्लिम, मुस्लिम महिलाएं और बोहरा जैसे समुदायों को लाभ मिलेगा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव ने वक्फ की संपत्तियों के दुरुपयोग और गरीब मुस्लिमों को उनका हक दिलाने के लिए इस संशोधन को आवश्यक बताया। प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय ने इसे एक जनजागरण आंदोलन बताया जो समाजहित में है।
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री शाह की मंशा है कि पिछड़े मुस्लिम समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री, सांसद, विधायकगण, भाजपा पदाधिकारी, वक्फ बिल जनजागरण अभियान से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे। संचालन प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव एवं आभार प्रदर्शन हरपाल सिंह भामरा ने किया।
Tags
national