परसा मंडल में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मेलन सम्पन्न
अंबिकापुर - भाजपा मंडल परसा में आज भाजपा स्थापना दिवस सप्ताह अंतर्गत सक्रिय सदस्य सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें मंडल स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में संगठन को सशक्त एवं जागरूक बनाए रखने हेतु प्रेरणादायी संवाद हुआ। इस कार्यक्रम में भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सम्मेलन का मुख्य विषय था: “भाजपा का इतिहास एवं विकास: 1980 से 2025 तक की गौरवशाली यात्रा”, जिस पर श्री सिसोदिया सहित अन्य वक्ताओं ने विस्तार से प्रकाश डाला।
“भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, एक संस्कार है और राष्ट्र निर्माण का एक जीवंत संकल्प है। भाजपा ने 1980 में अपने गठन के बाद से न केवल सत्ता के शीर्ष तक पहुंच बनाई, बल्कि भारतीय राजनीति की दिशा और दशा भी बदली है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने नये आत्मविश्वास के साथ वैश्विक मंच पर अपनी पहचान मजबूत की है।” भाजपा की जड़ें भारतीय जनसंघ से जुड़ी हुई हैं, जिसकी स्थापना 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित ‘एकात्म मानवदर्शन’ भाजपा के वैचारिक आधार में निहित है। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि कैसे आपातकाल के काले दौर में भी भाजपा और उससे जुड़े कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया और किस प्रकार 6 अप्रैल, 1980 को भाजपा का औपचारिक गठन हुआ।
परसा मंडल अध्यक्ष संतोष जायसवाल ने कहा कि, 2025 तक भाजपा की यात्रा को संघर्ष से सत्ता तक, और सेवा से सुशासन तक की अद्भुत कहानी बताया। भाजपा ने राष्ट्रवाद, सुशासन, अंत्योदय, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक गौरव के मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए देश को विकास के पथ पर अग्रसर किया है।
कार्यक्रम को अन्य विषय वक्ताओं ने भी संबोधित किया ।
इस कार्यक्रम में निरंजन राय, धनंजय मिश्रा, राजू नेतराम सिंह, महंत राम, मदन मोहन रजवाड़े,चैन से पैकरा, पवन पैकरा, नईहर साय पैकरा,धर्मेंद्र जायसवाल, श्रीमती सोनिका सोनपाकर, रूपा गुप्ता,नंदिनी सिंह, राजेश सिदार, मनोज मलिक, विकास मिंज, बसंत गिरी,अजय गुप्ता, किशन केशरी, पंचम राय, जगजीवन एवं परसा मंडल के युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Tags
national